PaithaniPauri garhwalUttrakhandउत्तराखंडगढ़वाल

राहु मंदिर बनेगा अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र, जिलाधिकारी ने धरातल पर उतर रहे विकास कार्यों की प्रगति परखी

 

राहु मंदिर बनेगा अंतरराष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन केंद्र, जिलाधिकारी ने धरातल पर उतर रहे विकास कार्यों की प्रगति परखी

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, राहु मंदिर को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने की तैयारी

राहु मंदिर विकास को मिली नयी गति, सुविधाओं, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण पर प्रशासन का विशेष फोकस

राहु मंदिर को मिलेगा विश्वस्तरीय स्वरूप, जिलाधिकारी ने विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

पौड़ी

07 जनवरी 2026
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को राहु मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का विस्तार से जायज़ा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में स्थल का निरीक्षण किया गया था, जिसके क्रम में राहु मंदिर के समग्र जीर्णोद्धार एवं विकास हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराई गई तथा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई। इसके उपरांत सभी संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर मंदिर के स्वरूप, सुविधाओं एवं विकास की दिशा पर विस्तृत चर्चा की गई। मंदिर को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अभियंताओं की टीम द्वारा कई चरणों में तकनीकी निरीक्षण एवं आकलन किया गया, ताकि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित हो सके। इन सभी प्रक्रियाओं के पश्चात जिला स्तर से आवश्यक धनराशि स्वीकृत की गई और कार्यों को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया गया।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए पुजारियों से संवाद कर उनकी आवासीय सुविधा, श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित धर्मशाला, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था का विस्तार से जायज़ा लिया तथा सभी आवश्यक सुधार कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान अन्य कक्षों को भी पहाड़ी स्थापत्य शैली में विकसित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया।

उन्होंने अवगत कराया कि मंदिर को एक दिव्य, भव्य एवं विश्वस्तरीय धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में एक विशाल प्रांगण एवं आकर्षक परिक्रमा पथ का निर्माण किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर दर्शन एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेटिंग रूम, प्रसाधन गृह, शू रैक, बैठने के लिए बेंच सहित अनेक आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित की गई हैं, ताकि उन्हें सुव्यवस्थित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क से राहु मंदिर तक के संपर्क मार्ग को चौड़ा एवं सुदृढ़ किया जाना तथा मुख्य सड़क पर निर्माणाधीन प्रवेश द्वार को पहाड़ी स्थापत्य शैली के अनुरूप भव्य स्वरूप प्रदान करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मंदिर तक पहुंचने वाली सीढ़ियों को यथासंभव चौड़ा, आकर्षक एवं सुरक्षित रूप में विकसित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए उपयुक्त पार्किंग स्थल का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही संपूर्ण मंदिर परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु हाईमास्ट लाइट स्थापित किए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर के समग्र सौंदर्यीकरण पर विशेष बल देते हुए स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों के दौरान मंदिर के पौराणिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक स्वरूप को पूर्णतः सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने दोहराया कि विकास एवं संरक्षण दोनों का संतुलन बनाए रखना ही इस परियोजना की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन घाट का भी निरीक्षण किया तथा राहु शिला तक रेलिंग लगाकर सुरक्षित प्लेटफॉर्म तथा पुल निर्माण के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालु राहु शिला तक सुरक्षित रूप से पहुंचकर इसे स्पर्श कर सकें तथा पूजा अर्चना कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने पुल के नीचे नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए लोगों को नदी में कूड़ा न डालने के लिए जागरूक करने पर बल दिया तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक दायित्व बताया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह रावत ने मंदिर परिसर में हो रहे विकास, सौंदर्यीकरण एवं सुविधा विस्तार कार्यों की सराहना की। वहीं ग्रामीण निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता सुनील जोशी ने स्वीकृत नक्शे एवं योजना के अनुरूप किए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षित जोशी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button