राज्य स्थापना दिवस पर पौड़ी में भव्य राज्योत्सव, आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन

राज्य स्थापना दिवस पर पौड़ी में भव्य राज्योत्सव, आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को किया नमन
आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने में सभी निभाएं अपनी भूमिका: प्रभारी मंत्री मदन कौशिक
पौड़ी 9 नवंबर 2026
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पौड़ी स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही पांच लाभार्थियों को किशोरी किट तथा सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उनके सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत एवं विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव आयोजित कर आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
विधायक राजकुमार पोरी ने पौड़ी में पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, पूर्व विधायक मुकेश कोली, जिलास्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।



