गढ़वाल के बाद कुमाऊं में भी सहकारिता चुनाव में भाजपा का परचम

गढ़वाल के बाद कुमाऊं में भी सहकारिता चुनाव में भाजपा का परचम
पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भाजपा समर्थित प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी बधाई
देहरादून, 11 सितंबर 2026।
उत्तराखंड में जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का शानदार प्रदर्शन जारी है। गढ़वाल मंडल में सभी छह जिला सहकारी बैंकों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब कुमाऊं मंडल के तीन जनपदों में भी भाजपा का परचम लहराया है।
शुक्रवार को जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष पदों पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी एवं संपूर्ण बोर्ड निर्विरोध निर्वाचित हुए।
पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर श्री नरेंद्र मोहन सिंह माहरा, नैनीताल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर श्री रविंद्र सिंह रैकुनी तथा ऊधमसिंह नगर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर श्रीमती ममता मेहरोत्रा निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने तीनों नवनिर्वाचित अध्यक्षों एवं संपूर्ण बोर्ड को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निर्विरोध निर्वाचन सहकारिता क्षेत्र में भाजपा के प्रति विश्वास और मजबूत संगठनात्मक समन्वय का प्रमाण है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से सहकारी संस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्र के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
राज्य के कुल 10 जिला सहकारी बैंकों में से अब तक 9 जनपदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। गढ़वाल मंडल के छह जनपदों के बाद कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन से सहकारिता चुनाव में पार्टी की मजबूत स्थिति सामने आई है।
अब अल्मोड़ा जनपद के जिला सहकारी बैंक का चुनाव शेष है। इसके साथ ही सभी 10 जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।



