सहकारिता से सशक्त होंगे किसान, युवा और महिलाएं : कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

सहकारिता से सशक्त होंगे किसान, युवा और महिलाएं : कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत
सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ
देहरादून/ पौड़ी गढ़वाल 29 जून 2026
भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को पूरे उत्तराखंड में सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेश की सभी 670 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, समस्त जिला सहकारी बैंकों, सभी जिला सहायक निबंधक कार्यालयों एवं सहकारी संस्थाओं में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ राजधानी देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ सभागार में किया गया, जबकि प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनपद पौड़ी गढ़वाल में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देश में सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिली है। राज्य सरकार का उद्देश्य सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों, महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा सहकारी समितियों को डिजिटल एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, विपणन सुविधाएं तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। बेहतर कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के साथ ही प्रत्येक जनपद से प्रगतिशील किसानों को अध्ययन भ्रमण पर भेजने की योजना भी संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ही किसान सम्मेलनों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से सहकारिता विभाग द्वारा प्रत्येक सहकारी समिति में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश की सहकारी समितियों के माध्यम से विभिन्न डिजिटल एवं जनहितकारी सेवाएं आमजन तक पहुंचाई जा रही हैं।
राजधानी देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर निबंधक सहकारिता श्रीमती ईरा उप्रेती, संयुक्त निबंधक श्री एम.पी. त्रिपाठी एवं श्रीमती रमेंद्री मंद्रवाल ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सहकारिता सप्ताह की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
सहकारिता सप्ताह कार्यक्रम के प्रदेश स्तरीय नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निबंधक सहकारिता/प्रबंध निदेशक प्रादेशिक कोऑपरेटिव यूनियन श्री एम.पी. त्रिपाठी ने बताया कि माननीय सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों के क्रम में पूरे प्रदेश में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेश की सभी 670 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, जिला सहकारी बैंकों, जिला सहायक निबंधक कार्यालयों तथा सहकारी संस्थाओं में सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। आगामी सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में विभिन्न जनजागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त एवं जनोन्मुखी बनाया जाएगा।
- प्रदेश के जनपद देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर सहित सभी जनपदों की बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, जिला सहकारी बैंकों एवं सहकारिता विभाग के कार्यालयों में सहकारिता सप्ताह का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया।
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में प्रदेशभर में सहकारिता जागरूकता अभियान, महिला एवं युवा सहभागिता कार्यक्रम, विद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर पर कार्यशालाएं, सहकारी संवाद, डिजिटल सेवा विस्तार तथा सोशल मीडिया आउटरीच कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



